मंत्री रेखा आर्य ने खेतों में गेहूं काट रही महिलाओं के साथ काटे गेहूं
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : प्रदेश की खाद्य, महिला कल्याण व बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने केदारवाला गांव के जंगल से गुजरते समय खेतों में गेहूं की फसल काट रही महिलाओं को देखकर अपने काफिले को रुकवा लिया। इस दौरान मंत्री कार से उतरकर महिलाओं के पास पहुंचीं और उनसे खेती की कटाई के बारे में बात करने लगीं।

इसी बीच मंत्री ने एक महिला से दरांती लेकर गेहूं काटना शुरू कर दिया। उधर, मंत्री के खेत में मौजूद होने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। उन्होंने ग्राम प्रधान तब्बसुम इमरान से ट्रैक्टर व थ्रेशर के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं बेहद मेहनत व लगन से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने खेतों में काम कर रही महिलाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।








