बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान ने मुस्लिम समाज के प्रति पुलिस प्रशासन पर उठाए सवाल
मुजफ्फरनगर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान ने बुढ़ाना प्रशासन पर मुस्लिम समाज के प्रति दुश्मनों वाला व्यवहार करने का आरोप लगाया है। रालोद विधायक राजपाल बालियान ने ट्वीट कर प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन मुस्लिमों के साथ दुश्मनों जैसा बर्ताव कर रहा है। रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान ने कहा कि प्रशासन मुस्लिम समाज के साथ गलत बर्ताव कर रहा है। बुढ़ाना पुलिस मुस्लिम समाज के लोगों के घरों में गलत तरीके से तलाशी ले रही है। यह अब नहीं चलेगा। अगर सुधार नहीं होता तो हम जनता के साथ सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ेंगे, लेकिन अन्याय नहीं होने देंगे। विधायक ने कहा कि बुढ़ाना क्षेत्र के जौला गांव में जिस तरह घर-घर जाकर फ्रिज चेक किए गए हैं, वह निंदनीय है। रमजान माह में भी पुलिस धार्मिक भावनाओं का ध्यान नहीं रख रही है। इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्दोष लोगों के प्रति अगर पुलिस ने अपना व्यवहार नहीं सुधारा, तो रालोद आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा।







