लखनऊ, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क):  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस थानो में आम लोगों के लिये स्वच्छ वातावरण होना चाहिये ताकि वे बगैर डर के अपनी शिकायतों को दर्ज करा सकें वहीं अभियान चला कर अपराधी तत्वों पर नकेल कसी जाये।
योगी ने शुक्रवार को प्रदेश की कानून -व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, सुशासन एवं शांति -व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के संबंध में यह निर्देश दिये। उन्होने कहा कि प्रत्येक पुलिस थाने में आम जनता के लिए स्वच्छ वातावरण स्थापित हो। जनसामान्य के बैठने एवं स्वच्छ पेयजल व प्रसाधन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और अपराधियों के प्रति कठोर अभियान चलाकर सुरक्षा- सुशासन व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाये।
उन्होने कहा कि पुलिस थाने में आम जनता के लिए स्वच्छ वातावरण स्थापित करते हुए जनसामान्य के बैठने एवं स्वच्छ पेयजल व प्रसाधन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आम जनता बिना किसी भय के अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिये थाने पर आ सके। थाने को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए स्वच्छता अभियान के साथ साथ वृक्षारोपण आदि के कार्य कराए जाय। साथ ही प्रदेश में महिला सशक्तिकरण एवं अपराधियों के प्रति कठोर अभियान चलाकर सुरक्षा- सुशासन व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाय।
अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि गोरखपुर के थाना राजघाट में तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक रणधीर कुमार मिश्रा द्वारा व्यक्तिगत रुचि लेकर पूरे थाना स्टाफ के साथ मिलकर टीम भावना से कार्य करते हुए स्थानीय जनता के सहयोग से थाना राजघाट परिसर के जीर्णोद्धार के लिए कार्य किया गया जिसके परिणामस्वरूप थाना -परिसर का कायाकल्प हो गया ।