(न्यूज़ डेस्क):  चीन के शंघाई शहर में कोविड-19 के सबसे अधिक मामले पाए गए हैं, जहां लंबे समय से लॉकडाउन है. शंघाई में रोजाना मिलने वाले नए मरीजों की संख्या लगातार सबसे अधिक है. शंघाई में इलाज के इंतजार में एक बुजुर्ग महिला की मौत को लेकर लोगों में नाराजगी के मद्देनजर अस्पतालों को आदेश दिया गया है कि वे गैर कोविड मरीजों के इलाज में देरी नहीं करें.राष्ट्रीय स्वस्थ्य आयोग (एनएचसी) के अुनसार चीन के मुख्य भूभाग पर स्थानीय संक्रमण के कारण कोविड-19 से संक्रमित पाये गये लोगों की संख्या 3472 दर्ज की गई, जबकि बगैर लक्षण वाले कोविड मरीजों की संख्या 20782 दर्ज की गई. इस दौरान चीन के वाणिज्यिक केंद्र शंघाई में स्थानीय संक्रमण के कारण कोविड-19 से संक्रमित पाये गये लोगों की संख्या 3200 दर्ज की गई, जबकि बगैर लक्षण वाले कोविड मरीजों की संख्या 19872 दर्ज की गई. शहर में पहले ही कोरोना वायरस संक्रमण की जांच के लिए कई दौर के परीक्षण किये जा चुके हैं. साथ ही संक्रमितों के इलाज के लिए अस्थायी अस्पताल बनाये जा चुके हैं.राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि बीते चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमित रोगियों के 28,778 करीबी लोगों को स्वास्थ्य निगरानी से मुक्त किया गया.गौरतलब है कि चीन के वुहान से 2019 में कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला सामने आया था. बाद में कोरोना वायरस के संक्रमण ने वैश्विक महामारी का रूप ले लिया था. अब एक बार फिर यह उसी क्षेत्र में इतनी तेजी से बढ़ रहा है, जब बाकी दुनिया ने वायरस को लगभग नियंत्रित कर लिया है.