गोरखपुर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता की अवैध कब्जों के बारे में शिकायतों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन से गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। अपने निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर में रविवार को जनता दरबार में योगी ने प्रशासन को दाे टूक कहा कि किसी भी गरीब की जमीन पर कोई माफिया और बाहुबली अवैध कब्जा ना कर पाये। दो दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और लाेगों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीन की पैमाइश और राजस्व संबंधी मामलों का तहसीलों में निस्तारण तेज किया जाए। जहां जरूरत पड़े पुलिस बल भी साथ लिया जाए। उन्होंने थानों और तहसीलों में समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान के प्रति अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान कमिश्नर रवि कुमार एनजी, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद, एसएसपी डा विपिन टाडा मौजूद रहे।