लखनऊ,(न्यूज़ डेस्क)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को यहां लोक भवन में ई-पेंशन पोर्टल व्यवस्था का शुभारंभ किया। अब इस ऑनलाइन सेवा पोर्टल के माध्यम से पेंशन और पेंशनरों से संबंधित सेवाओं का प्रबंधन किया जाएगा। इससे करीब 12 लाख लोग लाभान्वित होंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले सभी कार्मिकों, श्रमिकों को मई दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के लिए तकनीक का इस्तेमाल करने का आह्वान किया था। ई-पेंशन पोर्टल इसी का एक हिस्सा है। आज 1220 कर्मचारियों के खाते में पूरी रकम भेज दी गयी है। आने वाले समय में कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। रिटायर होने से छह माह पूर्व प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। तीन माह पूर्व प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। पहले सब लोग परेशान होते थे। अभी कर्मचारियों के लिए वित्त विभाग ने व्यवस्था लागू की है। आने वाले समय पुलिस को भी शामिल किया जाएगा। यह पेपर लेस है। इसलिए भागदौड़ नहीं करनी होगी। कैसलेस होगी। इसलिए यह कहा जा सकता है कि लेनदेन की व्यवस्था भी समाप्त होगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पेंशन भोगी नहीं पेंशन योगी ज्यादा अच्छा है क्योंकि अपने योगदान दिया है। अच्छी और सकारात्मक सोच व्यक्ति को उन्नयन की ओर ले जाता है। नकारात्मक भाव के साथ काम करने वाला व्यक्ति न तो अपना और न ही समाज का भला कर सकता है। वह हमेशा अवनति की ओर जाएगा। अच्छी सोच के साथ राज्य सरकार ने ई-पेंशन पोर्टल व्यवस्था की शुरुआत की।