10वीं के छात्र पढ़ेंगे अब आरएसएस संस्थापक हेडगेवार का भाषण
(न्यूज़ डेस्क) : बीजेपी शासित कर्नाटक सरकार के स्कूलों में आरएसएस के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार से संबंधित सामग्री को शामिल किया जाएगा. 2022-23 शैक्षणिक वर्ष के लिए 10वीं के छात्र अब हेडगेवार का भाषण पढ़ेंगे. इस फैसले के बाद विवाद काफी बढ़ गया है. राज्य सरकार पर शिक्षा के भगवाकरण के आरोप लगाए जा रहे हैं. कई संगठनों ने हेडगेवार के भाषण को पाठ्यक्रम में शामिल करने को लेकर आपत्ति जताई है. इसके बाद कर्नाटक के प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री बीसी नागेश ने इसे सही ठहराते हुए स्पष्टीकरण दिया है। कैबिनेट मंत्री बीसी नागेश ने कक्षा 10वीं के पाठ्यक्रम में RSS संस्थापक डॉ हेडगेवार के भाषण को शामिल करने को जायज़ ठहराया है। उन्होंने कहा कि, पाठ्यक्रम में डॉ हेडगेवार या RSS के संबंध में कुछ नहीं जोड़ा गया है और न ही कुछ पढ़ाया जा रहा है। इसमें बस संघ के संस्थापक और स्वतंत्रता सेनानी डॉ हेडगेवार का एक भाषण है, जो छात्रों को प्रेरित करेगा। दरअसल, कर्नाटक सरकार ने कक्षा 10वीं की कन्नड़ की पुस्तक में संशोधन कर नया पाठ जोड़ा है। इसमें डॉ हेडगेवार के भाषण को शामिल किया गया है। राज्य के शिक्षा मंत्री बीसी नागेश ने कहा है कि, जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, असल में उन्होंने इसे पढ़ा ही नहीं है। कुछ लोगों को हर बात पर आपत्ति होती है। उन्हें लगता है कि वही सही हैं और केवल उनके विचार ही समाज में आने चाहिए।






