शाहपुर, (न्यूज़ डेस्क) । गांव सोरम की चौपाल पर आयोजित बालियान खाप के थांबेदारो की बैठक में सभी थांबेदारो ने एक सुर में चेतावनी दी है कि बालियान खाप के चौधरी का अपमान बर्दाश्त नही किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भाकियू की आगामी महापंचायत गांव काकड़ा में 29 मई को होगी, जिसमें आगामी रणनीति पर मंथन किया जाएगा।  गांव सोरम की ऐतिहासिक चौपाल पर बुधवार को आयोजित बैठक में आसपास के बालियान खाप के सभी थांबेदारो की मौजूदगी में सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान ने कहा कि भाकियू के नए संगठन के अध्यक्ष राजेश चौहान को यह अधिकार नहीं है कि वह भाकियू के अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत व भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत को निष्कासित कर सके। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बालियान खाप के चौधरी का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाकियू में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर रखते हुए आगामी 29 मई को गांव काकड़ा में एक महापंचायत का आयोजन होगा जिसमें भाकियू की आगामी रणनीति पर विचार मंथन किया जाएगा।  इस दौरान सोरम थांबेदार मांगेराम सिंह, हरसौली थांबेदार  सौदान सिंह, बरवाला थांबेदार संजय सिंह, सुंडियान थांबेदार जगमेहर सिंह, कुटबा थांबेदार मांगेराम सिंह, लेपराण थांबेदार लाखन सिंह, राजपाल डायरेक्टर, सतबीर सेकेट्री, अमित बालियान, सहेंद्र  सिंह, बबलू बालियान, योगेश कुमार आदि मौजूद रहे।