आप पार्टी के CM पद के उम्मीदवार रहे कर्नल कोठियाल ने दिया इस्तीफा
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) । उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। आम आदमी पार्टी आलाकमान ने कोठियाल को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया था। अपने इस्तीफे को लेकर उन्होंने कहा कि त्यागपत्र पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्धसैनिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए दिया है। बताया जा रहा है कि चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी द्वारा अपने साथ किए जा रहे कथित 'व्यवहार' से कर्नल खुश नहीं थे। कोठियाल ने अपना इस्तीफा आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भेज दिया है। आप ने फरवरी में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव कर्नल कोठियाल के चेहरे पर लड़ा था, लेकिन उसे सभी 70 सीटों पर बुरी तरह हार का सामना करना पडा। गंगोत्री सीट से चुनाव मैदान में उतरे कोठियाल की जमानत भी जब्त हो गई थी।







