(न्यूज़ डेस्क) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने गृह प्रदेश गुजरात दौरे पर हैं. इस दौरान राजकोट पहुंचे पीएम मोदी ने शहर के लोगों को एक मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की सौगात दी है. अस्पताल के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने यहां एक जनसभा को भी संबोधित किया. केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के आठ साल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के विकास को गति देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र में इन आठ वर्षों में मैंने ऐसा कुछ भी नहीं किया, जिससे आपको या फिर देश के किसी भी नागरिक को शर्मिंदा होना पड़े। इन वर्षों में हमने गरीब की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर चलते हुए हमने देश के विकास को नई गति दी है.  पीएम ने आगे कहा कि, हमारी सरकार सुविधाओं को शत प्रतिशत नागरिकों तक पहुंचाने के लिए अभियान चला रही है. जब हर नागरिक तक सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य होता है तो भेदभाव भी खत्म होता है, भ्रष्टाचार की गुंजाइश भी नहीं होती.