काकड़ा गांव में आज किसान मजदूर महापंचायत का आयोजन, महापंचायत में हो सकते हैं बड़े फैसले
मुजफ्फरनगर,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) । काकड़ा गांव में आज किसान मजदूर महापंचायत का आयोजन होगा। पश्चिमी यूपी में बीकेयू के नेतृत्व में बड़ी महापंचायत होगी। जिसमें दर्जनों खाप चौधरियों के साथ-साथ बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली के किसान भी मौजूद होंगे। अनुमान है कि आज होने वाली इस महापंचायत में किसान सरकार के खिलाफ बड़ा ऐलान करेंगे। आपको बता दें कि किसान आंदोलन में खाप चौधरियों की अहम भूमिका रही थी। जिसके बाद भारतीय किसान यूनियन के दो फाड होने के बाद पहली बार दर्जनों खाप के चौधरी इस महापंचायत में मौजूद होंगे। जिसमें गठवाला खाप चौधरी राजेंद्र मलिक को भी न्योता दिया गया है। इस महापंचायत का आयोजन बीकेयू अध्यक्ष व बालियान खाप चौधरी नरेश टिकैत द्वारा किया जा रहा है जिसमें बीकेयू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत भी मौजूद रहेंगे। महापंचायत आयोजन का मकसद सर्वखाप और किसानों के बीच आपसी सौहार्द कायम रखना माना जा रहा है। जिसके मद्देनजर रविवार को हजारों किसानों के काकड़ा पहुंचने की उम्मीद है। गांव में विभिन्न खापों की और से लंगर चलाया जाएगा। गांव काकड़ा के स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कालेज में हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस बीच गठवाला खाप ने महापंचायत में शामिल न होने की घोषणा की है।







