पूर्व कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने थामा बीजेपी का दामन
नई दिल्ली, (न्यूज़ डेस्क)। नई दिल्ली में बृहस्पतिवार को पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भाजपा का दामन थाम लिया। दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें बीजेपी की सदस्यता दिलाई. भाजपा में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि कांग्रेस के साथ 50 वर्षों का रिश्ता तोड़ना आसान नहीं था, 1972 से लेकर 2022 तक मेरी तीन पीढ़ियों ने कांग्रेस को अपना परिवार समझ कर काम किया। हर अच्छे-बुरे समय में पार्टी के साथ रहे । लेकिन कांग्रेस में मेरी राष्ट्रवादी आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। मुझे पंजाब और देश के हित में बोलने के लिए नोटिस दिया गया। जाखड़ ने कहा कि उन्हें इस बात के लिए कठघरे में खड़ा किया गया कि उन्होंने पंजाब को जाति और धर्म में नहीं बांटने की बात कही। कांग्रेस आलाकमान पर निशाना साधते हुए जाखड़ ने कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति या किसी निजी झगड़े की वजह से कांग्रेस नहीं छोड़ी बल्कि उनकी आवाज पर पाबंदी लगाने का प्रयास किया गया, बोलने के लिए नोटिस जारी किया गया। वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि सुनील जाखड़ आज बीजेपी की सदस्यता लेकर, पार्टी में शामिल हुए हैं. मैं अपनी और बीजेपी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत और अभिनन्दन करता हूं. उन्होंने कहा कि पंजाब में राष्ट्रवादी ताकतों का प्रथम स्थान भाजपा ले रही है. इसलिए आवश्यक होता है कि राष्ट्रवादी विचार रखने वाले सभी लोग बीजेपी से जुड़ें और पार्टी को मजबूती प्रदान करें.







