यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने की फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ को टैक्स फ्री करने की घोषणा
लखनऊ, (बॉलीवुड डेस्क)। फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में टैक्स फ्री करने की गुरुवार को घोषणा की। योगी ने यहां ‘सम्राट पृथ्वीराज’ के निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी और इस फिल्म में मुख्य किरदार निभा रहे अक्षय कुमार एवं मानुषी छिल्लर की मौजूदगी में यह फिल्म देखने के बाद इसे उत्तर प्रदेश में टेक्स फ्री करने की घोषणा की। लोकभवन में आयोजित इस फिल्म की स्क्रीनिंग के मौके पर योगी मंत्रिमंडल केे सहयोगी मंत्री भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के दौरान रिलीज होने जा रही यह फ़िल्म अतीत की गलतियों से सीखने की प्रेरणा देती है। योगी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रोत्थान का जो यज्ञ प्रारंभ किया है, उसमें हम सभी का योगदान महत्वपूर्ण है। हम अगले 25 वर्ष के अमृत काल का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं, तब ऐसी फिल्मों का निर्माण देश की राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने में सहायक होता है।”







