कपिल देव ने कोहली को लेकर दिया बड़ा बयान
(स्पोर्ट्स डेस्क) : भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव का मानना है कि अगर रविचंद्रन अश्विन जैसे प्रतिभाशाली गेंदबाज को टेस्ट टीम की अंतिम 11 से बाहर किया जा सकता है, तो लंबे समय से लय के लिए जूझ रहे विराट कोहली को भी टी20 टीम से बाहर करना बड़ा मसला नहीं होना चाहिए. कोहली लगभग तीन साल से बड़ी पारी खेलने के लिए जूझ रहे हैं. भारत को पहली बार विश्व चैंपियन बनाने वाले इस खिलाड़ी का मानना है कि अगर भारतीय टीम प्रबंधन शानदार लय में चल रहे खिलाड़ियों को अपने कौशल के प्रदर्शन के लिए पर्याप्त अवसर नहीं देगा तो यह उनके साथ नाइंसाफी होगी. कपिल ने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि कोहली रन बनाए लेकिन इस समय विराट कोहली उस तरह से नहीं खेल रहे है जिनको हम जानते है. उन्होंने अपने प्रदर्शन के दम पर अपना नाम बनाया है और अगर वह प्रदर्शन नहीं करेंगे तो नये खिलाड़ियों को आप बाहर नहीं रख सकते है.’







