पायल रोहतगी और संग्राम सिंह बंधे शादी के बंधन में
(बॉलीवुड डेस्क) : लगभग 12 साल तक एक दूसरे को डेट करने के बाद आखिरकार अभिनेत्री पायल रोहतगी और संग्राम सिंह शादी के बंधन में बंध गए। सोशल मीडिया पर दोनों की शादी की तस्वीरें छाई हुई हैं। संग्राम और पायल दोनों ने ही शादी की तस्वीरों को फैंस के साथ साझा किया है। दोनों ने बीती रात आगरा के होटल जेपी पैलेस में एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। उसके बाद सात फेरे लिए। विवाह सादगी के साथ सम्पन्न हुआ। रिश्तेदारों और मेहमानों ने दोनों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान पायल रोहतगी ने रेड लहंगा पहना था और इसके साथ ही हेवी ज्वेलरी कैरी की है।दुल्हन के लिबास में पायल बेहद खूबसूरत लग रही हैं। वहीं दूसरी तरफ संग्राम सिंह की बात करें तो उन्होंने सफेद शेरवानी पहनी है, जिसमें वो काफी हैंडसम लग रहे हैं। गौरतलब है कि पायल रोहतगी और संग्राम सिंह एक दूसरे को लगभग 12 साल से डेट कर रहे थे। दोनों ने साल 2014 में सगाई भी की थी। वहीं सगाई के लगभग आठ साल बाद पायल और संग्राम ने नौ जुलाई को सात फेरे लेकर शादी कर ली और हमेशा के लिए एक हो गए।






