(स्पोर्ट्स डेस्क): द ओवल में मंगलवार को पहले वनडे मैच में भारत ने इंग्लैंड को 10 विकेट से मात दी. इस मैच में पहले भारत के गेंदबाजों ने इंग्लैंड को सिर्फ 110 रन पर ऑलआउट कर दिया और उसके बाद बल्ल्बेबाजों ने आराम से इस मैच को भारत की झोली में डाल दिया. बुमराह ने 19 रन देकर 6 विकेट चटकाए और भारत की जीत में अहम भूमिका अदा की. टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ओवल के मैदान पर खेले जा रहे पहले वनडे मैच में इंग्लैंड की टीम पर कहर बनकर टूटे. जसप्रीत बुमराह ने 7.2 ओवर में महज 19 रन देकर इंग्लैंड के 6 बल्लेबाजों को निपटाकर पवेलियन भेज दिया. वहीं तीन विकेट मोहम्मद शमी ने भी निकाले और एक विकेट प्रसिद्ध कृष्णा ने भी लिया, जिसकी मदद से भारत ने इंग्लैंड को 110 रन पर समेट दिया. 111 रन के इस आसान से लक्ष्य को टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने 18.4 ओवर में ही हासिल कर लिया. कप्तान रोहित शर्मा ने नाबाद 76 रन बनाए जबकि शिखर धवन ने 31 रनों की पारी खेली.