मुजफ्फरनगर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ रहा है। पैदल कांवड़ियों के बाद अब डाक कांवड़ियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। दो वर्ष तक कोरोना काल मे बन्द रहने के पश्चात इस वर्ष फिर से शुरू हुई कांवड़ यात्रा में मुजफ्फरनगर से होकर लाखों कांवडिय़े हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर मन्दिरो की ओर प्रस्थान कर रहे है, नगर में चारों ओर हर-हर महादेव के गगनभेदी नारों से गूंज रहे है। महादेव के भक्त कई जनपदों से होकर अपने गंतव्यों की ओर नाचते गाते भोलेनाथ की भक्ति में मगन चले जा रहे है। जनपद में इस समय कोई भी सडक ऐसी नहीं है, जिस पर शिवभक्त कांवडियों का सैलाब न गुजर रहा हो।

जलाभिषेक की तिथि नजदीक आने के साथ ही हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के कांवडिये मुजफ्फरनगर से होते हुए अपने गंतव्य को रवाना हो चुके हैं। अब मुजफ्फरनगर की सीमा में सबसे ज्यादा उन कांवडियों की संख्या है, जिन्हें पुरा महादेव अथवा अपने-अपने गांव के शिवालयों पर जलाभिषेक करना है। आज पैदल कांवडियों का सबसे बडा सैलाब जगह-जगह दिखाई दे रहा है। रविवार से डाक कांवडियों की संख्या में बढोत्तरी होने लगेगी और सोमवार को सबसे ज्यादा डाक कांवडियें जनपद की सीमा से गुजरेंगे। नगर में शिवचौक पर सबसे ज्यादा भीड देखने को मिल रही है। कांवडियों को देखने के लिए शहर व देहात से लोग आ रहे हैं। विशेषकर रात के समय शिव चौक से लेकर अहिल्याबाई चौक तक कांवडियों को देखने वालों की भारी भीड उमड रही है। वही नगर में लगे जग़ह-जगह कांवड सेवा शिवरों में कावडिय़ों की सख्या बढ़ती जा रही है धार्मिक लोग भोले के भक्तों की भरपूर सेवा करने में लगे हैं नगर का माहौल कावड़ मेले मे भक्तिमय हो गया है।