मेरठ,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) ।  महिला से अभद्रता करने वाले गालीबाज भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार किया गया। उसके साथ उसकी मदद करने वाले तीन और लोग भी गिरफ्तार हुए। यह तीनों त्यागी की फरारी के दौरान लगातार उसकी मदद कर रहे थे। त्यागी पर पुलिस ने इनाम भी रखा था और नोएडा पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें यूपी और उत्तराखंड में लगातार उसकी तलाश में दबिश डाल रही थीं। पुलिस के मुताबिक खुद को भाजपा का नेता बताने वाला श्रीकांत त्यागी नॉएडा से फरार होने के बाद अपनी पत्नी से लगातार संपर्क में था। पुलिस को त्यागी के ठिकाने का पता पत्नी से बातचीत से ही लगा और उसने मेरठ से आरोपी त्यागी को धर दबोचा। जानकारी के अनुसार पुलिस को जैसे श्रीकांत त्यागी की लोकेशन कन्फर्म हुई वैसे नोएडा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मगलवार सुबह मेरठ से उसे धार दबोचा। इससे पहले उत्तराखंड के हरिद्वार और ऋषिकेश में भी श्रीकांत त्यागी की लोकेशन ट्रेस हुई थी लेकिन पुलिस के पहुँचने से पहले ही वह वहां से निकल गया, पुलिस के मुताबिक त्यागी कई फोन नम्बरों का इस्तेमाल कर रहा था। वह पत्नी के अलावा वो अपने वकील के भी संपर्क में था। 
जानकारी के मुताबिक मेरठ में वह अपने किसी करीबी के घर रुका हुआ था और कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी कर रहा था। इस बीच पुलिस को आंबेडकर नगर में भाजपा का झंडा लगी और यूपी विधानसभा का स्टीकर लगी एक कार मिली थी। बताया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी इसी कार से नोएडा से फरार हुआ था। यह लक्ज़री कार जितेंद्र यादव के नाम पर है जो नोएडा की एक कंपनी जेआरडी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड का मालिक है।