देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आह्वान किया गया है। इस अभियान के जरिए सरकार की योजना है कि भारत के ‘हर घर तिरंगा’ लहराए. इसके लिए सरकार ने 20 करोड़ घरों का लक्ष्य तय किया है. सरकार की अपील है कि 13 से 15 अगस्त के बीच जनभागीदारी से 20 करोड़ से ज्यादा घरों पर तिरंगा फहराया जाए. इसमें सरकारी व निजी प्रतिष्ठान भी शामिल होंगे. इस अभियान को लेकर प्रशासन जोर-शोर से तैयारी कर रहा है. वही उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार से 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत की थी. सोमवार से ही उत्तराखंड में भाजपा मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को लेकर आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने कार्यकर्ताओं को यह तिरंगा निशुल्क नहीं बल्कि एक सामान्य शुल्क में उपलब्ध कराया जा रहा है. भारतीय जनता पार्टी ने घरों में लगने वाले इस तिरंगे का मूल्य ₹20 रखा है. वहीं अगर कोई कार्यकर्ता इसे डंडे सहित खरीदता है तो इसका मूल्य ₹25 होगा. पूरे प्रदेश भर में मौजूद 20 लाख परिवारों में से कम से कम 10 लाख परिवारों के घरों पर तिरंगा भारतीय जनता पार्टी लगाने जा रही है.