टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 16 रनों से हराकर सीरीज पर जमाया कब्जा
(स्पोर्ट्स डेस्क) : गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 16 रनों से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली, दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 237 रन बनाए और साउथ अफ्रीका के सामने 238 रनों का लक्ष्य रखा. जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 221 रन ही बना पाई. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 96 रन जोड़े. वहीं, रोहित शर्मा और केएल राहुल T20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी करने वाली जोड़ी बन गई. दोनों भारतीय बल्लेबाज अब तक 36 पारियों में 1809 रन की साझेदारी कर चुके हैं. इस मामले में रोहित शर्मा और केएल राहुल की जोड़ी रोहित शर्मा और शिखर धवन से आगे निकल गई है. सूर्यकुमार यादव ने 22 गेंदों में 61 रनों की पारी के दौरान पांच छक्के और इतने ही चौके जड़े. उन्होंने 18 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया जो भारत की ओर से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है. उन्होंने इसके साथ ही विराट कोहली (नाबाद 49) के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों में 102 रनों की साझेदारी की.







