कोई भी शक्ति भारत जोड़ो यात्रा को रोक नहीं सकती है क्योंकि ये हिंदुस्तान की आवाज़ है: राहुल गांधी
नयी दिल्ली,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) राहुल गांधी ने रविवार को अपने फेसबुक संदेश में देश में बदलाव के लिए गांधी जी का एक उद्धरण देते हुए कहा,खुद वो बदलाव बनिए जो आप दुनिया में देखना चाहते हैं। राहुल गांधी ने कहा है कि देश की एकता और अखंडता वर्तमान परिवेश में बड़ा सवाल बन गया है तथा भारत जोड़ो यात्रा के जरिए वह देश को एकजुट करने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा,“राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भारत को सत्य और अहिंसा की राह दिखायी। उनके आदर्शों पर चलना कठिन ज़रूर है लेकिन नामुमकिन नहीं, सिर्फ़ मज़बूत इरादों की ज़रुरत है। उनका कहना था कि इस संदर्भ में उन्होंने बापू के विचारों को खूब पढ़ा, समझा और उन्हें अपनाया है और आज वह उन्हीं के बताए हुए रास्ते पर चलने का प्रयास कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा,“आज हम भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं, तीन हफ़्तों से ज़्यादा का समय बीत चुका है और अभी भी हज़ारों मील पैदल चलना बाक़ी है। मुझसे कई लोगों ने पूछा कि आप लोग ये भारत जोड़ो यात्रा क्यों कर रहे हैं। बहुत सालों पहले बापू ने देश को एकजुट करने के लिए डांडी मार्च किया और पूरा देश उनके साथ पैदल निकल पड़ा तब हम अंग्रेज़ों से अपनी आज़ादी के लिए लड़े थे, आज हम भारत को एकजुट करने के लिए लड़ रहे हैं। ये लड़ाई कांग्रेस पार्टी की ही नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक की लड़ाई है।” आज बेरोज़गारी, महंगाई, नफ़रत, भुखमरी, हिंसा, शोषण, दमन और असमानता ने देश की नींव पर हमला बोल दिया है। युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रहीं, महंगाई से आम जनता की कमर टूट चुकी है और नफ़रत ने एक हिंदुस्तानी को दूसरे हिंदुस्तानी की जान का दुश्मन बना दिया है। देश आज डर की गिरफ़्त में है। हमारा प्यारा भारत कभी भी ऐसा नहीं था। आज इन्ही विभाजनकारी नीतियों के ख़िलाफ़ एक साथ, कदम से कदम मिला कर कन्याकुमारी से कश्मीर तक हम सब चल रहे हैं। देश के विभिन्न कोनों से उठ रही आवाज़ें एक हो रही हैं, लोग यात्रा से जुड़ते जा रहे हैं और कारवां बड़ा होता जा रहा है। कोई भी शक्ति भारत जोड़ो यात्रा को रोक नहीं सकती है क्योंकि ये हिंदुस्तान की आवाज़ है।






