चीला नहर से मिला अंकिता का शव, मुख्य आरोपी है पूर्व राज्यमंत्री का बेटा पुलकित आर्य
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : उत्तराखंड एसडीआरएफ ने शनिवार की सुबह अंकिता भंडारी का शव ऋषिकेश की चिल्ला नहर से बरामद कर लिया है। एसडीआरएफ के प्रवक्ता ने अंकिता भंडारी के शव को चिल्ला नहर से बरामद किए जाने की पुष्टि की है। अंकिता के पिता और भाई ने शव अंकिता का होने की पुष्टि कर दी. शनिवार सुबह ऋषिकेश अपर पुलिस अधीक्षक शेखर सुयाल ने कहा कि मृतक के भाई और पिता मेरे साथ थे और उन्होंने शव की शिनाख्त की है। बैराज में मिला शव अंकिता भंडारी का है। एसडीआरएफ अधिकारी ने कहा कि सुबह 7 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। हमें यहां एक महिला का शव मिला जिसको निकाला गया।
पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य का बेटा पुलकित आर्य अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी है. पुलिस ने पुलकित आर्य को अंकिता की हत्या के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया था. कोर्ट ने पुलकित समेत तीन लोगों को 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है. जब पुलिस ने जांच की तो रिजॉर्ट के संचालक और उसके मैनेजरों की भूमिका सामने आई। रिजॉर्ट के कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि 18 सितंबर को शाम करीब आठ बजे अंकिता रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर अंकित और भाष्कर के साथ रिजॉर्ट से गई थी। इसके बाद करीब साढ़े दस बजे ये तीनों ही रिजॉर्ट में लौटे। अंकिता उनके साथ नहीं थी। इस आधार पर पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने सारे घटनाक्रम को उगल दिया। उन्होंने पुलिस को बताया कि अंकिता पर वह यहां आने वाले ग्राहकों से संबंध बनाने को कहते थे। यह बात अंकिता सबको बता रही थी। वह बार-बार रिजॉर्ट की हकीकत सामने लाने की धमकी दे रही थी। इस बात को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दो अलग-अलग वाहनों पर चारों लोग चीला बैराज के पास गए। वहां पर उन्होंने फास्टफूड के साथ शराब पी। इसके बाद आगे चले और नहर किनारे रुक गए। यहां पर पुलकित और अंकिता का फिर से झगड़ा होने लगा। इस बीच अंकिता ने पुलकित का मोबाइल फोन छीनकर नहर में फेंक दिया। इस बात पर पुलकित को गुस्सा आ गया और उसने अंकिता को नहर में धक्का दे दिया। अंकिता ने दो बार पानी से ऊपर आकर बचाने की आवाज लगाई। मगर, तीनों डर गए और वहां से भागकर रिजॉर्ट में आ गए। यहां पर उन्होंने कर्मचारियों को इस तरह से बताया कि अंकिता अपने कमरे में है। कुछ देर बाद तीनों ही राजस्व पुलिस चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराने चले गए।
एएसपी ने बताया कि लंबी पूछताछ के बाद पुलकित आर्य (निवासी स्वदेशी भवन, आर्यनगर, ज्वालापुर हरिद्वार), अंकित उर्फ पुलकित गुप्ता आर्य (निवासी दयानंद नगरी, ज्वालापुर, हरिद्वार) और सौरभ भास्कर (निवासी सूरजनगर, ज्वालापुर, हरिद्वार) को हत्या, साक्ष्य छुपाने आदि के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
#ankitamurder, #ankitahatyakand ,







