मुजफ्फरनगर,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क)। सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षकों को लेकर जिला निरीक्षक ने एक आदेश जारी किया हैं इसके तहत अब जिले के सभी सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षकों को जींस और टी-शर्ट नहीं पहनने की चेतावनी दी गई है, क्योंकि इससे छात्रों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है। स्कूलों के जिला निरीक्षक (डीआईओएस) गजेंद्र सिंह ने कहा, "मैं स्कूलों के निरीक्षण पर था और कक्षाओं में कुछ शिक्षकों को जींस और टी-शर्ट पहने देखा। मैंने उन्हें इस पहनावे से दूर रहने की चेतावनी दी। अब, मैंने ड्रेस कोड के बारे में सर्कुलर भी जारी किया है।" सर्कुलर में नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
डीआईओएस सिंह ने आगे कहा, "यह अनुशासन की बात है। न केवल छात्र और शिक्षक, बल्कि प्रिंसिपल को भी ड्रेस कोड का पालन करना चाहिए। यदि शिक्षक शालीनता से कपड़े पहनते हैं, तो यह छात्रों पर अच्छा प्रभाव डालता है। फिर, छात्र भी अपने शिक्षकों का अनुसरण करेंगे। यह आदेश महिला शिक्षकों पर भी लागू होता है। उन्हें साड़ी या सलवार-कमीज पहनने की जरूरत है।"