(बॉलीवुड डेस्क) | अभिनेत्री अंकिता लोखंडे फिल्म 'स्वतंत्र वीर सावरकर' में अभिनेता रणदीप हुड्डा के साथ नजर आएंगी। यह फिल्म फ्रीडम फाइटर विनायक दामोदर सावरकर के जीवन पर आधारित है। इस फिल्म में अंकिता और रणदीप के अलावा अमित सियाल भी अहम भूमिका में हैं। अंकिता कहती हैं, "मुझे ऐसे चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण किरदार निभाना पसंद है जो न केवल कहानी को आगे ले जाते हैं बल्कि दर्शकों पर प्रभाव भी छोड़ते हैं। 'स्वतंत्र वीर सावरकर' एक ऐसी प्रेरक कहानी है, जिसे बताने की जरूरत है और मैं इससे जुड़कर खुश हूं।" 'मानसून वेडिंग' से डेब्यू करने वाले रणदीप को 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई', 'साहेब, बीवी और गैंगस्टर', 'रंग रसिया', 'जिस्म 2' जैसी फिल्मों से खूब लोकप्रियता मिली। 'स्वतंत्र वीर सावरकर' के साथ, वह एक निर्देशक के रूप में शुरूआत कर रहे हैं और फिल्म में मुख्य भूमिका भी निभाएंगे। इस फिल्म की खास बात यह है कि, 'स्वतंत्र वीर सावरकर' की संकल्पना संदीप सिंह ने की है, और इसे उत्कर्ष नैथानी और रणदीप हुड्डा ने लिखा है।