शोपियां में कश्मीरी पंडित की गोली मारकर हत्या
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): आतंकियों ने शोपियां में एक कश्मीरी पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी. अधिकारियों ने यह जानकारी दी है. पिछले कुछ महीनों में कश्मीरी पंडितों और देश के अन्य इलाकों से रोजगार की तलाश में कश्मीर घाटी पहुंचने वाले लोगों के खिलाफ लगातार आतंकी हमले हो रहे हैं, जिनमें कुछ लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है. जम्मू कश्मीर पुलिस के मुताबिक, शोपियां में आतंकियों ने पूरन कृष्ण भट नाम के शख्स को गोली मार दी. अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से जख्मी पूरन कृष्ण भट को शोपियां अस्पताल ले जाया गया, हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पूरन कृष्ण भट पर दक्षिण कश्मीर जिले के चौधरी गुंड इलाके में उनके आवास के नजदीक हमला किया गया था. उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आतंकवादियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.






