दिल्ली सरकार के मंत्री पर हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का लगा आरोप
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): हिंदू देवी-देवताओं को नहीं मानने की शपथ में दिल्ली सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम का शामिल होने का मामला तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है. इस विवाद में बीजेपी राजेंद्र पाल गौतम पर हिंदू देवी-देवताओं के अपमान का आरोप लगा रही है. मंत्री की मौजूदगी में हजारों लोगों को 'राम-कृष्ण' को भगवान ना मानने और कभी पूजा ना करने की शपथ लेने का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बीजेपी ने कहा है कि यह बौद्ध और हिंदू धर्म मानने वालों को लड़वाने की कोशिश है. बीजेपी ने राजेंद्र गौतम से हिंदू समाज से माफी मांगने की भी मांग की है. बीजेपी की यह भी मांग है कि सीएम अरविंद केजरीवाल गौतम को बर्खास्त करें. दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने ट्वीट करते हुए कहा, 'हिन्दू विरोधी दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री ने जो हजारों लोगों के मध्य हिन्दू देवी-देवताओं का अपमान किया, वो क्षमा योग्य नहीं है. क्या किसी भी धर्म के प्रति ऐसे जहर उगलने की इजाजत AAP के मंत्रियों को है? अरविंद केजरीवाल अगर जरा भी शर्म बची है तो ऐसे मंत्री को बर्खास्त करो.' उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को तो आम आदमी पार्टी को अपने राजनीतिक दल में भी नहीं रखना चाहिए.







