केन्द्र व प्रदेश की डबल इंजन की सरकार चौतरफा कर रही विकास: बृजेश पाठक
जौनपुर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): जौनपुर में बदलापुर महोत्सव के दूसरे दिन के सांस्कृतिक समारोह को संबोधित करते हुए यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा है कि केन्द्र व प्रदेश की डबल इंजन की सरकार अपने वायदे के मुताबिक किसान, कन्या और रोजगार के साथ ही सब का साथ सब का विकास की ओर दिन प्रति दिन बढ़ रही है। पाठक ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा गांव में रहने वाले अन्तिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान देखना है। उसी का परिणाम सामूहिक विवाह, आयुष्मान गोल्डन कार्ड, कमजोरों को रहने के लिए आवास, घर-घर पानी आदि विकास की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उन तक पहुंचाने का काम हमारी सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने आम आदमी को बिजली, सड़क, पानी सरीखी बुनियादी सुविधाओं के साथ नवजात बेटियों के लिए कन्या सुमंगला योजना के तहत उनकी परवरिश का ध्यान दिया है, हमने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं से विकास को रप्तार देने के साथ ही साथ गाँव गरीबों को तवज्जो देने का काम किया है। उप मुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि हमने स्वास्थ्य, शिक्षा के स्तर में वृद्धि करते हुए युवाओं के भविष्य को भी संवारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बदलापुर महोत्सव जैसा ऐतिहासिक कारवां प्रति वर्ष बढ़ता रहे और अपनी ऐतिहासिकता की पहचान प्रदेश में बनाए रखे यही मेरी कामना है।






