अभिषेक चौधरी ने रालोद से नाराज़ होकर थामा भाजपा का दामन
मुजफ्फरनगर /खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): रालोद को खतौली सीट पर उपचुनाव से पहले ही बड़ा झटका लगा हैं, अभिषेक चौधरी गुर्जर ने रालोद को तगड़ा झटका देते हुए भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी के आवास पर मंगलवार रात अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुजफ्फरनगर की खतौली सीट से रालोद के टिकट के दावेदार अभिषेक चौधरी मदन भैया को रालोद प्रत्याशी बनाये जाने से पार्टी नेतृत्व से नाराज हैं। खतौली उपचुनाव में अभिषेक चौधरी को टिकट मिलने की पूरी संभावना थी। वह पिछले कई वर्षों से रालोद में टिकट के लिए सक्रिय थे, लेकिन पार्टी ने विधानसभा चुनाव में राजपाल सैनी को टिकट दे दिया था और अब उपचुनाव में भी मदन भैय्या को प्रत्याशी घोषित किया है, जिसके बाद से अभिषेक चौधरी खफा चल रहे थे।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अभिषेक चौधरी गुर्जर ने कहा कि रालोद अध्यक्ष अपनी पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं से कट चुके हैं। वह समर्पित कार्यकर्ताओं की कद्र नहीं करते हैं। इसलिए उनका यह हश्र है। उन्होंने कहा कि वह मोदी-योगी सरकारों के गरीब कल्याण के कार्यों और भाजपा के सेवा प्रकल्पों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। भाजपा की सदस्यता ग्रहण के मौके पर ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर, भाजपा के मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, मीडिया सह-प्रभारी हिमांशु दुबे मौजूद थे।
अभिषेक चौधरी ने अपने कार्यालय पर समर्थकों की बैठक बुलाई थी, जिसमें रात 8 बजे तक का समय जयंत चौधरी को दिया गया था कि वह 8 बजे तक या तो अपना प्रत्याशी बदल दें, नहीं तो पंचायत में चुने गए 11 जिम्मेदार आदमी अपना अगला निर्णय घोषित कर देंगे। आज 8 बजे तक जयंत चौधरी द्वारा प्रत्याशी बदलने की घोषणा ना किए जाने के तुरंत बाद अभिषेक चौधरी ने ट्वीट करके पार्टी से अलग राह बनाने की घोषणा कर दी है।






