खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में देश के 50वें सीजेआई के रूप में जस्टिस धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ को शपथ दिलवाई. पिछले 10 सालों में जस्टिस चंद्रचूड़ सीजेआई के रूप में नियुक्त होने वाले सबसे कम उम्र के व्यक्ति है और न्याय तक आम नागरिकों की पहुंच को बढ़ावा देने के कोशिशों में आगे रहे हैं. जस्टिस चंद्रचूड़ के पिता भी देश के सीजेआई रहे हैं. उनके पिता का बतौर सीजेआई करीब सात साल और चार महीने का कार्यकाल रहा था. जो कि सुप्रीम कोर्ट के इतिहास में किसी सीजेआई का अब तक सबसे लंबा कार्यकाल है. जस्टिस चंद्रचूड़ 11 नवंबर 1959 को पैदा हुए थे. उन्हें 13 मई 2016 को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था. वह 29 मार्च 2000 से 31 अक्टूबर 2013 तक बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायाधीश थे. उसके बाद उन्हें इलाहाबाद उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था. जस्टिस चंद्रचूड़ कई संविधान पीठों और ऐतिहासिक फैसले देने वाली सुप्रीम कोर्ट की बेंच का हिस्सा रहे हैं, जिनमें अयोध्या भूमि विवाद, समलैंगिक संबंधों को अपराध की श्रेणी से बाहर करने, आधार योजना की वैधता से जुड़े मामले, सबरीमला मुद्दा, सेना में महिला अधिकारियों को स्थाई कमीशन देने जैसे मामले शामिल हैं.

#DhananjayaY. Chandrachud,