मुजफ्फरनगर,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): खतौली सीट पर उपचुनाव की घोषणा होते ही मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन ने चुनाव कराने के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। जिलाधिकारी चन्द्रभूषण सिंह ने कलेक्ट्रेट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि खतौली विधानसभा के लिए होने वाले उपचुनाव हेतु राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसी के साथ जनपद में आदर्श आचार संहिता भी स्वत: ही लागू हो गई है। प्रशासन की टीमों ने फ्लैक्स, होर्डिंग, बोर्ड, वॉल पेंटिंग हटानी शुरू कर दी है। डीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग के अनुसार आगामी 10 नवम्बर से कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन पत्र भरे जायेंगे। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि 17 नवम्बर, बृहस्पतिवार है। 18 नवम्बर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और नाम वापसी 21 नवम्बर को होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि 5 दिसम्बर, दिन सोमवार को मतदान कराया जायेगा, जबकि 8 दिसम्बर को मतगणना होगी। चुनाव की सभी प्रक्रिया 10 दिसम्बर तक पूर्ण कर ली जायेगी। डीएम ने बताया कि उपचुनाव में नामांकन हेतु खतौली एसडीएम जीत सिंह राय को आरओ बनाया गया है, जबकि उनके साथ दो एआरओ भी तैनात रहेंगे। खतौली में होने वाले उपचुनाव के लिए 3 लाख, 12 हजार, 240  मतदाता मतदान करेंगे। इसके लिए 171 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं, जबकि 369 मतदेय स्थल होंगे। खतौली विधानसभा क्षेत्र को 5 जोन व 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किये जायेंगे। इसके अलावा 9 सर्विलांस टीम भी क्षेत्र में सक्रिय कर दी गई हैं। एडीएम ई व एफ को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। डीएम ने बताया कि ईवीएम से मतदान होगा और मतदान के लिए जिला प्रशासन के पास भरपूर मात्रा में ईवीएम मशीनें उपलब्ध हैं।