भाजपा सरकार किसान बिरादरी को खत्म करना चाहती है: टिकैत
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): गुरुवार को देवरिया में किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अनदेखी कर रही है। इसी अनदेखी के कारण किसान मजबूर होकर एक साल से ज्यादा समय तक धरने पर बैठे रहे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने एमएसपी कानून के बारे में किसानों से धोखा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी पैदवार का वाजिब मूल्य नहीं मिल रहा है। राकेश टिकैत ने एलान किया कि किसान यूनियन मांगों को लेकर लखनऊ में 26 नवंबर को राजभवन का घेराव करेगी। किसान नेता ने कहा कि अंग्रेजों के 1894 में बनाये भूमि अधिग्रहण कानून को लंबी लड़ाई के बाद समाप्त कर वर्ष 2013 में किसानों के हित में कानून बना था, लेकिन भाजपा सरकार इसमें बदलाव कर मॉडल एक्ट बनाकर किसानों की जमीनें जबरन छीन रही हैं। टिकैत ने कहा कि यह सरकार किसान बिरादरी को खत्म करना चाहती है। सरकार ने कश्मीर में किसानों को बर्बाद कर दिया। पहले की सरकारें किसानों के आंदोलन को गंभीरता से लेकर उनकी समस्याओं का समाधान करने की प्रयास करती थीं, लेकिन यह सरकार आंदोलन करने पर पूछने तक नहीं आती है।







