(स्पोर्ट्स डेस्क): ऑकलैंड में हुए पहले वनडे मुकाबले में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा, टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 306 रन का स्कोर खड़ा किया था. जवाब में कीवी टीम ने महज 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. भारतीय टीम की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 23.1 ओवर में 124 रन जोड़े. यहांशुभमन गिल 65 गेंद पर 50 रन बनाकर आउट हुए. अगले ही ओवर में शिखर धवन भी 77 गेंद पर 72 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए. यहां से श्रेयस अय्यर ने एक छोर संभाला. दूसरे छोर से थोड़े-थोड़े अंतराल में विकेट गिरते गए. न्यूजीलैंड ने 307 रन के लक्ष्य के जवाब में अपना पहला विकेट फिन एलन (22) के रूप में जल्द ही खो दिया. 68 रन के कुल योग पर डेवान कॉनवे (24) भी चलते बने. डेरिल मिचेल (11) भी कुछ खास नहीं कर सके. 19.5 ओवर में 88 रन पर कीवी टीम के 3 विकेट गिर चुके थे. यहां से कप्तान केन विलियमसन ने टॉम लाथम के साथ मिलकर 164 गेंद पर 221 रन की नाबाद साझेदारी कर न्यूजीलैंड को जीत दिला दी. कीवी टीम ने 47.1 ओवर में ही मैच जीत लिया. भारत की ओर से उमरान मलिक को दो और शार्दुल ठाकुर को एक विकेट हासिल हुआ.

#khabarnewindia, #khabarindia,,