उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने किया महिला पॉलिटेक्निक राजकीय महाविद्यालय का औचक निरीक्षण
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): आज उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने महिला पॉलिटेक्निक संस्थान में स्थित राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर का औचक निरीक्षण किया। अध्यक्ष राज्य महिला आयोग कंडवाल ने महाविद्यालय में बालिकाओं से मिलकर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली, अध्यक्ष महोदय ने स्टाफ में कार्यरत महिला कर्मचारियों, अध्यापिकाओं से बात की। अध्यक्षा महोदय ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि महाविद्यालय के छात्र छात्राओं व स्टॉफ हेतु शौचालय आदि की उचित व्यवस्था जहाँ 80% बालिकाएँ शिक्षण ले रही है व कक्षाओं के संचालन हेतु भी विशेष प्रबंध नही है।

इस पर महिला आयोग की अध्यक्षा ने प्राचार्य डॉ. डी एस मेहरा से जवाब माँगा। जिस विषय में प्राचार्य डीएस मेहरा द्वारा बताया गया कि राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर के संचालन हेतु सरकार द्वारा जमीन चिन्हित कर दी गई है जिस पर भवन निर्माण का कार्य जल्द ही प्रारंभ हो रहा है तब तक महाविद्यालय राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के भवन में संचालित किया जा रहा है। इस मौके पर विभिन्न छात्राओं ने महिला आयोग के अध्यक्ष कुसुम कंडवाल को महाविद्यालय में आ रही समस्याओं से भी अवगत कराया। जिस के संबंध में अध्यक्ष महोदय ने राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ पीके अरोड़ा से भी मिलकर जानकारी ली और समस्याओं के निवारण हेतु निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्रोफेसर कुलदीप रावत , प्रोफेसर कामना लोहानी, प्रोफेसर पंकज बहुगुणा, प्रोफेसर मालचंद सिंह नेगी सहित महाविद्यालय की छात्र-छात्राएं एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

#dehradunnews, #uttarakhandnews , #khabarnewindia ,







