दिल्ली, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : दिल्ली में  नए साल की पूर्व संध्या पर कार से युवती को 13 किलोमीटर तक घसीटने के मामले ने राजधानी ही नहीं, पूरे देश को शर्मसार कर दिया है। छानबीन के दौरान पुलिस को कई नई सीसीटीवी फुटेज भी मिलीं, जिनमें आरोपी कार से युवती को घसीटते हुए दिख रहे हैं। पुलिस इनको कब्जे में लेकर पड़ताल में जुटी है। एक फुटेज में आरोपी कार को यू-टर्न लेकर दूसरी ओर ले जाते हुए दिख रहे हैं। वहीं घटना के बाद से परिवार बेटी के लिए इंसाफ की गुहार लगा रहा है। परिजनों का आरोप है कि यह महज एक सड़क हादसा नहीं बल्कि साजिश है। आरोपियों ने जानबूझकर उनकी बेटी की यह दुर्दशा की है। घटना को लेकर सोमवार को परिजनों व स्थानीय लोगों ने सुल्तानपुरी थाने का घेराव भी किया। पुलिस ने किसी तरह परिवार को समझाने की कोशिश की। एहतियात के तौर पर थाने के बाहर अर्द्धसैनिक बलों को तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, युवती अपने परिवार में एकमात्र कमाने वाली थी. 31 दिसंबर की रात को उसकी स्कूटी कार से टकरा गई और वह कार के नीचे फंस गई. उसे करीब 12 किलोमीटर तक घसीटा गया था और कंझावला में एक सड़क पर वह निर्वस्त्र अवस्था में पायी गयी. कथित तौर पर कार में सवार पांच लोगों पर सोमवार को गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस से इस घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. दिल्ली पुलिस ने विशेष आयुक्त शालिनी सिंह की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया है और उनसे घटना के संबंध में जल्द से जल्द एक रिपोर्ट पेश करने को कहा है.

वही दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा की कंझावला-सुल्तानपुरी में हुए अमानवीय अपराध पर मेरा सिर शर्म से झुक गया है और मैं अपराधियों की राक्षसी संवेदनहीनता से स्तब्ध हूं। पुलिस आयुक्त के साथ मामले की निगरानी कर रहा हूं। आरोपियों को पकड़ लिया गया है। सभी पहलुओं पर गहनता से विचार किया जा रहा है।

वहीं दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल करते हुए आम आदमी पार्टी ने सोमवार को उपराज्यपाल निवास पर जोरदार प्रदर्शन किया। हालात को देखते हुए पुलिस को वाटर केनन का इस्तेमाल करना पड़ा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पुलिस को आड़े हाथों लेते हुए कानून व्यवस्था से जुड़े कुछ सवाल पूछे हैं। मामले पर भाजपा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इस केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाने के लिए कहा है। 

#Kanjhawala Case, #Delhi Police,