देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): देहरादून महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एस्ले हॉल चौक पर राज्य सरकार का पुतला दहन किया। इस अवसर पर जसविन्दर सिंह गोगी ने कहा कि पहले से ही देश में बेरोजगारी, महंगाई, जैसे गंभीर मुद्दों को भाजपा सरकार ने नजरअंदाज किया है और फिर उपर से विद्युत दरों को बढ़ाकर एक बोझ और दे दिया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड से पवित्र नदियों का उद्गम हो रहा परन्तु उत्तराखण्ड की जनता के साथ राज्य सरकार का इस तरह का व्यवहार हतप्रभ करने वाला है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की नदियों से विद्युत उत्पादन हो रहा है परन्तु दुर्भाग्य है कि राज्य की जनता को सस्ती विद्युत मिलने के बजाय महंगी मिल रही है।  उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की नदियां मैदानी क्षेत्रों में सिंचाई के काम आ रही है।
  
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य विद्युत उत्पादक राज्य के रूप में जाना जाता है यहां पर टिहरी बांध, कोटेश्वर, मनेरी-भाली सहित उत्तराखण्ड में वर्तमान में कई जल-विद्युत परियोजनाएं उत्तराखंड के विभिन्न नदी घाटियों में प्रस्तावित हैं। ऐसे में जल विद्युत परियोजनाओं से राज्यवासियों को लाभ के रूप में घरेलू उपभोग के लिए मात्र 1 रूपये 50 पैसे प्रति यूनिट पर बिजली दी जानी चाहिए जो कि यहां के निवासियों का अधिकार भी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के किसानों को खेती के लिए मुफ्त बिजली दी जानी चाहिए. एक तरफ महंगाई की मार से लोग परेशान हैं, ऊपर से बिजली की दरों में बढोतरी कर सरकार आमजन को दोहरा झटका दे रही है। 

#dehradunnews, #uttarakhandnews, #uttarakhandcongress,,