(स्पोर्ट्स डेस्क): भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट पर 289 रन बना लिए हैं। भारतीय टीम अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 191 रन पीछे है। जडेजा और कोहली के बीच 44 रन की साझेदारी हो चुकी है। ओपनर शुभमन गिल के बल्ले से शतकीय पारी देखने को मिली है. शुभमन गिल ने 194 गेंदों पर टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने टॉड मर्फी की गेंद पर फाइन लेग के ऊपर से चौका लगाकर शतक पूरा किया। ओवरऑल यह उनका सातवां अंतरराष्ट्रीय शतक रहा। वनडे में शुभमन चार और टी20 में एक शतक लगा चुके हैं। शुभमन ने टेस्ट करियर का पहला शतक बांग्लादेश के खिलाफ लगाया था। वहीं उन्होंने इस साल 3 महीने में ही तीनों फॉर्मेट में शतकीय पारियां खेलकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. शुभमन गिल साल 2023 में तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले  ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में उस्मान ख्वाजा की 180 रन की पारी की मदद से 480 रन ठोके थे.

विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में भारत में 4000 रन पूरे कर लिए हैं। वह पांचवें भारतीय खिलाड़ी हैं, जिन्होंने घरेलू जमीन पर टेस्ट में 4000 रन पूरे किए हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर और वीरेन्द्र सहवाग यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। विराट कोहली ने इस मैच में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। टेस्ट में पिछली 16 पारियों में वह पहली बार अर्धशतक लगाने में सफल रहे हैं। 

#Shubman Gill, #IND vs AUS Day 3, #IND vs AUS, #India vs Australia 4th Test 2023 ,