(बॉलीवुड डेस्क): बॉलीवुड अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक अब इस दुनिया में नहीं रहे, सतीश कौशिक की मौत के मामले में नई जानकारी सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली स्थित बिजवासन के जिस फॉर्म हाउस में होली खेलने के बाद सतीश कौशिक की तबीयत खराब हुई और बाद में अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई, पुलिस को उसी फॉर्म हाउस से कुछ आपत्तिजनक दवाइयों के पैकेट मिले हैं. फॉर्म हाउस सतीश कौशिक के दोस्त विकास मालू का है. 
हालांकि, पुलिस के अधिकारियों का कहना है पोस्टमॉर्टम में कुछ संदिग्ध नहीं आया है. डॉक्टर्स ने इसे हार्ट अटैक ही बताया है. बाकी शरीर मे क्या कुछ था, वो पूरी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगा. इसके लिए बिसरा सैंपल प्रिजर्व करवा दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फॉर्म हाउस से बरामद आपत्तिजनक दवाइयों के पैकेट किसके लिए थे? किसने इस्तेमाल किए? उनसे सतीश कौशिक का कोई संबंध है या नहीं, ये जांच के बाद साफ होगा.रिपोर्ट में यह बात भी सामने आई है कि वह लंबे समय से हाइपरटेंशन और डायबीटिज से जूझ रहे थे। रिपोर्ट में बताया गया है कि सतीश का निधन कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुआ है। इसके अलावा उनके विसरा को भी संभालकर रखा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 10 से 15 दिनों के बीच उनके हार्ट और ब्लड की रिपोर्ट भी आ जाएगी, जिससे तस्वीर और अधिक साफ हो सकेगी।
 

#Satish Kaushik, #Satish Kaushik Death,