खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क):  अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर बन रहा है। मंदिर का निर्माण तेज गति के साथ किया जा रहा है। दिसंबर 2023 में मंदिर के प्रथम चरण का कार्य पूरा हो जाएगा और जनवरी 2024 यानी मकर संक्रांति के शुभ मुहूर्त पर भगवान राम अपने भव्य गर्भगृह में विराजमान होकर दिव्य दर्शन देंगे। मंदिर निर्माण की प्रगति को लेकर हर राम भक्त लालायित रहते हैं। श्रीराम जन्मभूमि में राममंदिर के भूतल का 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। राममंदिर के गर्भगृह में सभी स्तंभ खड़े किए जा चुके हैं। मंदिर पर चढ़ने के लिए अब तक 24 सीढि़यां बन चुकी हैं। भक्तों को 32 सीढ़ियां चढ़कर रामलला के दर्शन होंगे। राममंदिर का भव्य स्वरूप दूर से ही दिखाई देने लगा है। दर्शन मार्ग से ही निर्माणाधीन मंदिर का दर्शन कर दर्शनार्थी निहाल हो रहे हैं। राममंदिर के गर्भगृह के तीन तरफ की दीवारें खड़ी हो चुकी हैं। 20 फीट ऊंची दीवार मकराना सफेद संगमरमर के स्तंभ के साथ भव्य लग रही है।

वहीं दूसरी तरफ राममंदिर के छत के करीब दो सौ बीम की नक्काशी का काम भी पूरा हो चुका है। बीम की तराशी रामसेवकपुरम व रामघाट स्थित कार्यशाला में हो रही है। जो पत्थर तराशे जा चुके हैं उन्हें रामजन्मभूमि परिसर में पहुंचाया जा रहा है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि जल्द ही गर्भगृह की बीम डालने का काम शुरू हो जाएगा। निर्धारित समय सीमा के अनुसार ही मंदिर निर्माण का काम आगे बढ़ रहा है।

#Ayodhya, #Ram temple in Ayodhya, #Ramjanmabhoomi,,