(स्पोर्ट्स डेस्क): टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है. सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया, इस मैच में रोहित शर्माकी गैरमौजूदगी में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या टीम की कप्तानी कर रहे हैं. मुंबई में खेले जा रहे पहले मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम 35.4 ओवरों में सिर्फ 188 के स्कोर पर सिमट गई, जिसमें भारतीय टीम की तरफ से इसका श्रेय मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी को जाता है, जिन्होंने मिलकर कुल 6 विकेट अपने नाम किए. मोहम्मद शमी ने जहां इस मैच में 6 ओवरों की गेंदबाजी में सिर्फ 17 रन देते हुए 3 विकेट अपने नाम किए, वहीं मोहम्मद सिराज ने 5.4 ओवरों की गेंदबाजी में 29 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. मोहम्मद शमी ने अपने स्पेल की आखिरी 14 गेंदों में जहां एक भी रन नहीं दिया वहीं उन्होंने 3 विकेट भी हासिल किए. वहीं सिराज ने भी अपनी आखिरी 10 गेंदों में एक भी रन ना देते हुए 2 विकेट निकालकर ऑस्ट्रेलियाई पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई थी.

#India vs Australia, 1st ODI, #Rohit Sharma, #Hardik Pandya,,