WPL 2023: महिला प्रीमियर लीग के पहले संस्करण में मुंबई इंडियंस की टीम बनी चैंपियन
(स्पोर्ट्स डेस्क) : महिला प्रीमियर लीग के पहले संस्करण में मुंबई इंडियंस ने चैंपियन बनने का ऐतिहासिक पल अपने नाम किया हैं। मुंबई इंडियंस ने फाइनल में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट से हराकर इस टूर्नामेंट का पहला खिताब जीत लिया। हरनप्रीत कौर की टीम ने कमाल करते हुए पहले सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया। ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दिल्ली ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 131 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 19.3 ओवर में तीन विकेट पर 134 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। दिल्ली के दिग्गज बल्लेबाजों ने मैच में निराश किया। कप्तान मेग लैनिंग को छोड़कर कोई भी क्रीज पर ज्यादा समय तक नहीं टिक सकीं। लैनिंग ने 29 गेंद पर 35 रन बनाए। वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गईं। मरिजान कैप ने 18 और शेफाली वर्मा ने 11 रन का योगदान दिया। मुंबई के लिए इस्सी वोंग और हीली मैथ्यूज ने तीन-तीन विकेट लिए। अमेलिया केर को दो सफलता मिली। कैपिटल्स ने शिखा पांडे (27 नाबाद) और राधा यादव (27 नाबाद) की बदौलत मुंबई के सामने 132 रन का लक्ष्य रखा। मुंबई ने नैट सिवर-ब्रंट (60 नाबाद) और हरमनप्रीत कौर (37) की धैर्यवान पारियों की बदौलत यह लक्ष्य तीन गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। सिवर-ब्रंट की अर्द्धशतकीय पारी ने मुंबई को जीत दिला दी। सिवर-ब्रंट ने 55 गेंद पर सात चौकों के साथ नाबाद 60 रन बनाते हुए हरमनप्रीत के साथ 72 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत लक्ष्य तक पहुंचने से पहले आउट हो गयीं मगर सिवर-ब्रंट ने 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर विजयी चौका जड़कर मुंबई को ऐतिहासिक डब्ल्यूपीएल खिताब जिता दिया।
#WPL 2023, #MI vs DC, WPL Final 2023,







