UP Nikay Chunav: यूपी में निकाय चुनाव की तारीखों का एलान, 4 और 11 मई को होगा मतदान 13 मई को मतगणना
लखनऊ/मुजफ्फरनगर, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): उत्तर प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव की तारीखों का एलान हो गया। प्रदेश में दो चरणों में निकाय चुनाव कराए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए नगरीय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी है। 18 में से 9 मंडलों में 04 मई को पहले चरण में तथा बाकी 9 मंडलों में दूसरे चरण में 11 मई को मतदान होगा। इस तरह सूबे के कुल 75 जिलों में मतगणना 13 मई को एक साथ होगी। मुजफ्फरनगर जिले की दो नगर पालिकाओं व आठ नगर पंचायतों में भी चुनावी बिगुल बज गया है। आचार संहिता लगते ही प्रशासन की टीमों ने होर्डिंग फ्लैक्स व विज्ञापन बोर्डो को हटाना शुरू कर दिया है। मुजफ्फरनगर की दो नगर पालिकाओं मुजफ्फरनगर व खतौली तथा आठ नगर पंचायतों मीरांपुर, जानसठ, भोकरहेडी, शाहपुर, बुढाना, चरथावल, सिसौली व पुरकाजी में भी चुनावी कार्यक्रम घोषित होते ही चुनाव लडने के इच्छुक नेताओं ने भी भागदौड शुरू कर दी है।
पहले चरण का कार्यक्रम
पहले चरण के चुनाव के लिए जिला मजिस्ट्रेट की ओर से 10 मई को सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी। निर्वाचन अधिकारी की ओर से अधिसूचना 11 अप्रैल को जारी होगी। उम्मीदवार 11 से 17 अप्रैल तक नामांकन पत्र खरीद कर दाखिल कर सकेंगे। 18 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 20 अप्रैल को उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकेंगे। 21 अप्रैल को उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे जाएगा। 4 मई को मतदान होगा।
दूसरे चरण का कार्यक्रम
जिला मजिस्ट्रेट की ओर से 16 अप्रैल को सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी। निर्वाचन अधिकारी 17 अप्रैल को अधिसूचना जारी करने के साथ ही नामांकन दाखिल करने का सिलसिला शुरू होगा। उम्मीदवार 24 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 25 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 27 अप्रैल को नाम वापस लिए जा सकेंगे। 28 अप्रैल को चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। 11 मई को मतदान होगा।
इन मंडलों एवं जिलों में पहला चरण
- सहारनपुर मंडल - शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर
- मुरादाबाद मंडल - बिजनौर,अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल
- गोरखपुर मंडल - गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर
- आगरा मंडल - आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी
- झांसी मंडल - झांसी, जालौन, ललितपुर
- प्रयागराज मंडल - कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़
- लखनऊ मंडल - उन्नाव, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर खीरी
- देवीपाटन मंडल - गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती
- वाराणसी मंडल - गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर
इस बार निकाय चुनाव में क्या समीकरण बनेंगे यह तो अभी भविष्य के गर्भ में है, लेकिन सभी भावी उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी सक्रियता पूरी बढ़ा दी है। हालांकि जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा, यह तो 13 मई को मतगणना वाले दिन ही पता चलेगा, लेकिन इस समय जनता पूरी तरह निकाय चुनाव के बारे में दोबारा फिर से चर्चा करने लगी है और सभी प्रत्याशी अधिसूचना जारी होते ही देर रात्रि तक जनसम्पर्क करते नजर आए . बता दें कि 17 नगर निगमों, 199 नगर पालिका परिषद और 544 नगर पंचायतों में महापौर, अध्यक्ष और 13924 वार्डों में चुनाव होने हैं। नगर विकास विभाग ने 30 मार्च को आरक्षण की अनंतिम अधिसूचना जारी करते हुए 6 अप्रैल को शाम 6 बजे तक आपत्तियां मांगी थी। इसपर 832 आपत्तियां प्राप्त हुई थी, लेकिन विभाग ने सभी आपत्तियों को ग्रहणीय न मानते हुए खारिज कर दिया और अंतिम अधिसूचना जारी कर दी है। इस प्रकार इस बार महिलाओं की संख्या में 35 सीटों को बढोतरी हुई है। इस तरह से कहा जाए तो महिलाओं की हिस्सेदारी प्रदेश में 37.89 प्रतिशत होगी। नए फार्मूले पर हुए आरक्षण में सबसे अधिक फायदा महिलाओं के अलावा एससी वर्ग को भी मिला है।
#Muzaffarnagarnews, #upnews, #cmyogi, #UP Nikay Chunav, #Uttar Pradesh Nagar Nikay Chunav,







