खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): सिक्किम के नाथू ला में मंगलवार को हिमस्खलन ने भारी तबाही मचाई है. हिमस्खलन की चपेट में आकर 6 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों के मुताबिक 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं. घटना के तुरंत मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. तकरीबन 350 लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित निकाल लिया गया है. मरने वालों में चार पुरुष, एक महिला और एक बच्चा बताया जा रहा है. बर्फ में फंसे 22 पर्यटकों को रेस्क्यू किया गया. उन्हें गंगटोक के एसटीएनएम अस्पताल और सेंट्रल रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि गंगटोक को नाथुला से जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू रोड पर 15वें मील पर हुए हिमस्खलन में छह पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 80 से अधिक लोगों के बर्फ में फंसे होने की आशंका है. हिमस्खलन मंगलवार की दोपहर तकरीबन साढ़े 12 बजे हुआ. अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा गंगटोक और नाथुला दर्रे को कनेक्ट करने वाले जवाहरलाल नेहरू रूट पर हुआ. हादसे के बाद सड़क मार्ग भी अवरुद्ध हो गया था. सड़क से बर्फ हटाने के बाद बर्फ में फंसे 350 पर्यटकों और 80 वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

#Sikkim Avalanche, #Sikkim Nathu La Avalanche, ,