मुज़फ्फरनगर,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क):  यूपी नगर निकाय चुनाव की रणभूमि में उतरते ही सपा-रालोद-आसपा गठबंधन में घमासान शुरू हो गया। कई सीटों पर समाजवादी पार्टी, रालोद और आजाद समाज पार्टी ने अलग अलग अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। हैरत की बात यह है इस समय कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद मंडल में रालोद, सपा और आसपा का गठबंधन टूट चुका है, ऐसी ही स्थिति बागपत, शामली और सहारनपुर में भी सामने आ रही है, जहां रालोद की सीट पर सपा ने अपने नामांकन दाखिल करा दिए है तो कुछ सीट ऐसी है जो सपा के कब्जे में है, वहां रालोद ने अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। मुज़फ्फरनगर में भी गठबंधन में दरार आ गयी है।  उधर, रालोद ने मेरठ नगर निगम में महापौर पद पर अपना प्रत्याशी उतारने का एलान कर दिया है जबकि यहां भी सपा ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। यहाँ समाजवादी पार्टी, रालोद और आजाद समाज पार्टी ने मिलकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राकेश शर्मा की पत्नी लवली शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।  लवली शर्मा ने अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया है लेकिन नामांकन के अंतिम दिन सभासदों के सिंबल को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि गठबंधन टूटने के कगार पर पहुंच गया है। 

उधर बागपत जिले की नगर पालिका बड़ौत सीट पर बतौर अध्यक्ष प्रत्यशी सपा ने रणधीर प्रधान को उम्मीदवार घोषित कर दिया। यहां दूसरे चरण में चुनाव है और बड़ौत रालोद का गढ़ माना जाता है। इस सीट पर रालोद अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी ही कर रहा था कि सपा ने दांव खेल दिया। इसी जिले की नगर पालिका खेकड़ा में भी यही हुआ है। यहां के अध्यक्ष पद के लिए रालोद से रजनी धामा को उम्मीदवार घोषित कर दिया है जबकि सपा ने संगीता धामा को उम्मीदवार घोषित दिया। सहारनपुर की नगर पंचायत अंबेहटा पीर पर अध्यक्ष पद के लिए पहले रालोद प्रत्याशी रेशमा ने पर्चा भरा तो अंतिम दिन सपा ने इशरत जहां ने भी नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इसके अलावा विभिन्न जिलों में पार्षद एवं सदस्य सीटों पर बंटवारे को लेकर कई जिलों में हंगामा हुआ है। शामली की कांधला नगर पालिका पर सपा ने नजमुल हसन को तथा रालोद से मिर्जा फैसल बेग को उतार दिया है।

रालोद का वजूद पश्चिमी उप्र में ज्यादा है। यही कारण है कि रालोद उम्मीदवार पश्चिमी उप्र की निकायों में अपने उम्मीदवार घोषित करने की बात कह रहे हैं। रालोद का मानना है कि यहां सपा को अपने उम्मीदवार घोषित नहीं करने चाहिए थे। राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष संदीप मलिक ने कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते गठबंधन खटाई में पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी द्वारा बिना सहयोगी दलों से सर्वानुमति बनाएं अपने प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं, इसको लेकर रालोद और आजाद समाज पार्टी में रोष बना हुआ है। 
 

#sp, #UP Nikay Chunav, #RLD, #SP-RLD Alliance in UP Nagar Nikay Chunav,