देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): आगामी 22 अप्रैल से चारधाम यात्रा का आगाज होने जा रहा है। 22 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा प्रारंभ हो जाएगी। वही सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की पुख्ता तैयारियों के निर्दश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के मद्देनजर शासन- प्रशासन तैयारियां चाक चौबंद करने में जुटा है। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह नजर आ रहा है। यात्रा को लेकर अब तक रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 15 लाख को पार कर चुका है। बद्री केदार मंदिर समिति और प्रशासन से लेकर सरकार तक तैयारियों में जुटी है। इस बार धामों में मंदिर के दर्शन के लिए टोकन सिस्टम पर भी काम किया जा रहा है। जिससे श्रद्धालुओं को लाइन में घंटो इंतजार नहीं करना पड़ेगा। टोकन मिलने से दर्शन का समय तय हो जाएगा। इसके साथ ही मंदिर समिति कई नए नियमों पर भी काम कर रही है। सबसे अधिक उत्साह केदारनाथ की यात्रा के लिए देखने को मिल रहा है। बाबा केदार के दर्शन के लिए सबसे अधिक तीर्थ यात्रियों ने पंजीकरण कराया है। केदारनाथ यात्रा के लिए अब सिर्फ आठ दिन का समय शेष रह गया है। यात्रा से जुड़े विभागों द्वारा यात्रा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि इस बार बीते वर्ष की तुलना में यात्री व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए गए हैं। सभी संसाधन पर्याप्त हैं, जरूरत सिर्फ बेहतर प्रबंधन की है।

#Kedarnath Yatra 2023, #Chardham Yatra 2023,