उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क) : मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। गेहूं की फसल की कटाई की तैयारी कर किसानों की बदले मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। किसानों को फसल खराब होने का डर सता रहा है।पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं। पहाड़ों में हल्की वर्षा और बर्फबारी, जबकि दून व अन्य निचले इलाकों में अंधड़ के साथ बौछारें पड़ीं। जिससे पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज भी मैदानी क्षेत्रों में अंधड़ और पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि की आशंका है। उधर, पहाड़ों में कहीं-कहीं हल्की, बर्फबारी और ओलावृष्टि भी हुई। केदारनाथ में जोरदार हिमपात हुआ। जबकि, गंगोत्री-यमुनोत्री समेत आसपास की चोटियों में भी हल्की बर्फबारी हुई। बदरीनाथ में दिनभर बादल छाये रहे, लेकिन बर्फबारी नहीं हुई। मौसम के करवट बदलने से प्रदेशभर में पारे में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में कहीं-कहीं गरज के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। पहाड़ों में भारी वर्षा-बर्फबारी की आशंका है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 21 अप्रैल तक उत्तराखंड में मौसम खराब रहने की संभावना है।
#Uttarakhand Weather, #dehradunews, #uttarakhandnews, #dehradun ,







