(स्पोर्ट्स डेस्क): मंगलवार को क्वालिफायर-1 में गत चैंपियन गुजरात टाइटंस को चेन्नई सुपरकिंग्स ने 15 रन से हरा दिया। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम ने गुजरात टाइटंस को क्वालीफायर-1 में हराते हुए 10वीं बार IPL फाइनल में जगह बनाई है. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 172 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में 157 रन पर सिमट गई। गुजरात टाइटंस के लिए शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 42 रन का योगदान दिया. राशिद खान ने आखिरी ओवरों में 16 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 30 रन की पारी खेलकर मैच का रोमांच बढ़ाया, लेकिन यह टीम के लिए नाकाफी साबित हुआ. चेन्नई के लिए रविंद्र जडेजा, महीश तीक्षणा, दीपक चाहर और मथीश पथिराना ने दो-दो जबकि तुषार देशपांडे ने एक विकेट लिया. ऋतुराज ने सात चौके और एक छक्का लगाने के साथ डेवोन कोन्वे के साथ पहले विकेट के लिए 64 गेंद में 87 रन की साझेदारी की.  गुजरात टाइटंस इस हार के बाद बाहर नहीं हुई है। उसे फाइनल में पहुंचने का दूसरा अवसर मिलेगा। वह 26 मई अहमदाबाद में क्वालिफायर-2 में खेलेगी। वहां उसका मुकाबला मुंबई इंडियंस या लखनऊ सुपर जाएंट्स से होगा। 

#GTvsCSK,#IPL2023,#chennaisuperkings,#GujaratTitans,