नई दिल्‍ली,खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): पीएम नरेंद्र मोदी संसद के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन कार्यक्रम को यादगार और स्मरणीय बनाने के लिए 75 रुपये का नया सिक्का जारी करेंगे. वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि नए संसद भवन के उद्घाटन के उपलक्ष्य में 75 रुपये का एक विशेष सिक्का लॉन्च किया जाएगा. सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष होगा, जिसके नीचे सत्यमेव जयते लिखा होगा. बाईं ओर देवनागरी लिपि में भारत और दाईं ओर अंग्रेजी में इंडिया शब्द लिखा होगा. इस सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा. इसमें 50 फीसदी चांदी और 40 फीसदी कॉपर का मिश्रण होगा. वहीं 5-5 फीसदी निकल और जिंक धातु होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रविवार को नये संसद भवन के उद्घाटन समारोह में करीब 25 राजनीतिक दलों के शामिल होने की संभावना है, वहीं कई राजनीतिक दलों ने समारोह के बहिष्कार का फैसला किया है. आपको बता दें कि नए संसद भवन को लेकर देश में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ी हुई हैं. कांग्रेस सहित कुछ राजनीतिक दलों ने नए संसद भवन के उद्घाटन का बहिष्कार करने का ऐलान किया है. विरोध कर रहे दलों का तर्क है कि नए संसद भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री को नहीं बल्कि राष्ट्रपति को करना चाहिए.

#PmModi,#75rupeescoin,#NewParliamentBuilding,#inaugurationnewParliamentHouse,