पीएम मोदी ने नए संसद भवन को राष्ट्र को किया समर्पित, सेंगोल के सामने दंडवत हुए मोदी
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए संसद भवन का उद्घाटन किया. इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मौजूद रहे. पीएम मोदी ने पूरे विधि-विधान से इसका शुभारंभ किया। पीएम मोदी पूजन हवन के बाद सेंगोल के सामने दंडवत हुए। साथ ही, संसद भवन में सेंगोल की स्थापना के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के विभिन्न अधीनम संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। देश के नए संसद भवन के निर्माण के लिए देशभर से अनोखी सामग्रियों को जुटाया गया है। जैसे नागपुर से सागौन की लकड़ी, राजस्थान के सरमथुरा से सैंडस्टोन, यूपी के मिर्जापुर की कालीन, अगरतला से बांस की लकड़ी और महाराष्ट्र के औरंगाबाद और जयपुर से अशोक प्रतीक को मंगवाया गया। नए भवन में लोकसभा में 888 और राज्यसभा में 384 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज नए संसद भवन को देखकर हर भारतीय गौरव से भरा हुआ है. इसमें वास्तू, विरासत, कला, कौशल, संस्कृति और सविंधान भी है. लोकसभा का आंतरिक हिस्सा राष्ट्रीय पंक्षी मोर पर आधारित है, राज्यसभा का आंतरिक हिस्सा राष्ट्रीय फूल कमल पर आधारित है. संसद के प्रांगण में राष्ट्रीय वृक्ष बरगद भी है. पीएम मोदी ने सेंगोल के साथ संसद के नए भवन में प्रवेश किया। इस दौरान अधीनम मठ के पुजारी भी मौजूद रहे। वहीं, नए संसद उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि हमारी संसद हमारे लोकतंत्र का मंदिर है।
अधीनम मठ के पुजारियों ने संसद के नए भवन में पीएम मोदी को सेंगोल सौंपा।बता दें, धार्मिक अनुष्ठान के बाद अधीनम संतों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेंगोल सौंपा, जिसे नए संसद भवन में स्थापित कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, यह नया भवन हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के सपने को साकार करने का साधन बनेगा. यह नया भवन आत्मनिर्भर भारत के सूर्योदय का साक्षी बनेगा. यह नया भवन विकसित भारत के संकल्पों की सिद्धी होते हुए देखेगा. पीएम मोदी ने कहा, हमारा लोकतंत्र ही हमारी प्रेरणा है, हमारा संविधान ही हमारा संकल्प है. हमारी संस्कृति हमें सिखाती है कि चरैवेति चरैवेति, यानी चलते रहो, चलते रहो क्योंकि रुक जाने से भाग्य रुक जाता है. नई संसद में सर्वधर्म सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी कैबिनेट मंत्री और अन्य राज्यों के सीएम समेत कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद हैं। इस सर्वधर्म सभा में बौद्ध, जैन, पारसी, सिख समेत कई धर्मों के धर्मगुरु ने अपनी-अपनी प्रार्थनाएं कीं।
#NewParliamentInauguration,#pmmodi,#Sengol,







