पहलवानों के समर्थन में मुजफ्फरनगर महापंचायत में गरजे नरेश टिकैत
मुजफ्फरनगर/खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): पहलवानों के समर्थन में मुजफ्फरनगर के शोरम में बड़ी पंचायत का आयोजन किया गया। इस महापंचायत की अध्यक्षता बालियान खाप के चौधरी नरेश चौधरी ने की। नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार बृजभूषण शरण सिंह को बचा रही है। महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। खापों के प्रतिनिधि राष्ट्रपति और गृहमंत्री से मिलेंगे। पंचायत ने फैसला सुरक्षित कर लिया जिसे आज हरियाणा के कुरुक्षेत्र की पंचायत में सर्वसम्मति से सुनाया जाएगा। ऐतिहासिक गांव सोरम की सर्वखाप पंचायत में खाप चौधरियो ने निर्णय लिया कि शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में होने वाली पंचायत में देश की बहन-बेटियां खिलाडिय़ों की इज्जत के लिए लड़ी जाने वाली लड़ाई का ऐलान होगा। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि खाप चौधरियों का एक प्रतिनिधिमंडल देश के राष्ट्रपति व गृहमन्त्री से मिलकर देश की बेटियों को न्याय दिलाने की मांग करेगा।

बालियान खाप के चौधरी एवं भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत, पालम 360 के चौधरी सुरेंद्र सोलंकी, गठवाला खाप के थांबेदार श्याम सिंह मलिक, हरियाणा की कंडेला खाप के ओमप्रकाश, लाटियान खाप के चौधरी वीरेंद्र लाटियान, सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान, भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत समेत अन्य चौधरियों और थांबेदारों ने मंच पर ही फैसले के लिए काफी देर तक मंत्रणा की। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि फैसला सुरक्षित कर लिया गया है। कुरुक्षेत्र की पंचायत में आने वाले लोगों के बीच फैसला रखा जाएगा। बेटियों की पीड़ा को अब राष्ट्रपति के समक्ष उठाया जाएगा। चायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि महिला पहलवानों को हर हालत में न्याय दिलाया जाएगा,सोरम की खाप पंचायत में कई अहम फैसले लिए गए है जो अभी सुरक्षित रखे गए हैं, जो शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में सर्वजातीय महापंचायत बुलाई गई है, तो उसी में अंतिम फैसला लिया जाएगा।

राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार खुद सारे सबूतों को मिटा रही है, लेकिन हम पहलवानों के समर्थन में खड़े हैं। हम पहलवानों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि खाप पंचायत का जो भी फैसला होगा, हम उसका पालन करेंगे। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार पहले हिन्दू मुस्लिम की लड़ाई लड़ाकर बांटने का काम कर रही थी अब जातियों को भी आपस में ही भिड़ा रही है। कही गुर्जर व ठाकुरों को मिहिर भोज सम्राट के नाम पर भिड़ा रही है, तो कही पारिवारिक विवाद करा रही है। हमारी बहन बेटियों ने जो पदक हासिल किए है वह पूरे देश व तिरंगे की शान है। बहन बेटियों का जो अपमान हुआ है, वह पूरे देश का अपमान है। बहन बेटियों पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ यह लड़ाई पूरा समाज लड़ेगा।
#BKU#RakeshTikai#NareshTikait,#MuzaffarnagarMahapanchayat,#MuzaffarnagarNews,#UpNews,#wrestlersprotest,







