(स्पोर्ट्स डेस्क)  : टीम इंडिया ने डोमिनिका में खेला गया पहला टेस्ट मैच पारी और 141 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया हैं . इसी के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है, इस टेस्ट मैच में वेस्ट इंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था लेकिन उसके बल्लेबाज चल नहीं पाए और पहली पारी में 150 रन बनाकर ढेर हो गए. इसके जवाब में भारत ने पहली पारी में पांच विकेट पर 429 रन बनाए। टीम इंडिया को 271 रनों की बढ़त हासिल हुई। वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में 130 रनों पर सिमट गई।  रविचंद्रन अश्विन ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में 7 विकेट हासिल किए. अश्विन ने पहली पारी में 5 विकेट हासिल किए थे, इस मैच में उन्होंने कुल 12 विकेट झटके. अश्विन ने अपने करियर में 34वीं बार 5 विकेट एक पारी में लेने का कारनामा किया, जबकि 8वीं बार मैच में 10 विकेट हासिल किए. इस मैच में यशस्वी को उनकी 171 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया है.

इससे पहले भारत के लिए यशस्वी जायसवाल, कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने शानदार पारियां खेलीं। यशस्वी ने 171 रन बनाए। यह उनका यह डेब्यू टेस्ट था। वहीं, कप्तान रोहित ने 104 रन की पारी खेली। विराट कोहली शतक नहीं लगा पाए और 76 रन बनाकर आउट हो गए। रवींद्र जडेजा 37 और ईशान किशन एक रन बनाकर नाबाद रहे। शुभमन गिल ने छह और अजिंक्य रहाणे ने तीन रन बनाए। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज का कोई बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक पाया। उसके लिए एलिक नथनेज ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए।

#IND vs WI 1st Test,#IND vs WI,#India vs West Indies,#Team India,#BCCI,